कड़ाके की ठंड और शीत लहर का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट!किसान भाइयों और दोस्तों, सादर नमस्कार। देश में मौसम तेजी से करवट ले रहा है और इसका सबसे ज्यादा असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों पर देखने को मिल रहा है। पहाड़ों पर हो रही भारी बर्फबारी की वजह से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में ठंड का हाहाकार मचा हुआ है। हालांकि दिन में थोड़ी धूप निकल रही है, लेकिन सुबह और रात के समय कनकनी इतनी ज्यादा है कि आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
दोस्तों, मौसम विभाग ने बिहार और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। बिहार में अगले एक हफ्ते तक मौसम में सुधार की संभावना नहीं है। पटना समेत दक्षिणी हिस्सों में पछुआ हवाओं के कारण कनकनी बरकरार रहेगी। सिवान, बक्सर, गया और औरंगाबाद जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के भी नीचे चला गया है। ऐसी स्थिति में किसान भाइयों को अपनी सेहत के साथ-साथ अपनी फसलों का भी विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।




















